Jharkhand: इंटरपोल और IB के इनपुट के बाद जमशेदपुर में हाई अलर्ट,स्लीपर सेल पर पुलिस की पैनी नजर

जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में संभावित आतंकी खतरे और स्लीपर सेल की सक्रियता को लेकर इंटरपोल और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से प्राप्त एक गोपनीय रिपोर्ट ने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। इनपुट के अनुसार, शहर में एक दर्जन से अधिक संदिग्ध स्लीपर सेल सक्रिय हो सकते हैं, जिसके बाद जमशेदपुर एसएसपी समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
खुफिया रिपोर्ट: आजादनगर कनेक्शन और फरार संदिग्ध
सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों की इस रिपोर्ट में जमशेदपुर के आजादनगर क्षेत्र के एक पुराने फरार संदिग्ध का विशेष उल्लेख है।: इस संदिग्ध की तलाश पूर्व में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी और एंटी-टेररिज्म स्क्वाड भी कर चुकी है। सुरक्षा एजेंसियां इसे 2016 के उस मामले से जोड़कर देख रही हैं, जब दिल्ली पुलिस ने अलकायदा से जुड़े एक संदिग्ध को पकड़ा था, जिसके तार झारखंड और ओडिशा से जुड़े थे।
विधायक सरयू राय: “एक दर्जन स्लीपर सेल की सक्रियता चिंताजनक”
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने इस मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा जमशेदपुर में पूर्व में भी अंतर्राष्ट्रीय अपराध और आतंकी संगठनों से जुड़े लोग पकड़े जा चुके हैं। अगर खुफिया एजेंसियां कह रही हैं कि शहर में एक दर्जन से अधिक स्लीपर सेल सक्रिय हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है। जिला प्रशासन को अपनी इंटेलिजेंस विंग को मजबूत कर इन अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजना चाहिए।” — सरयू राय, विधायक, जमशेदपुर पश्चिम
कानूनी विशेषज्ञों की राय: “औद्योगिक सुरक्षा पर खतरा”
जमशेदपुर कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने भी पुलिस को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने सुरक्षा पहलुओं पर जोर देते हुए कहा जमशेदपुर में टाटा स्टील और टाटा मोटर्स जैसे बड़े औद्योगिक घराने और टाटानगर जैसा व्यस्त रेलवे जंक्शन है, जो इसे रणनीतिक रूप से संवेदनशील बनाते हैं। पुलिस को अपना सूचना तंत्र इतना मजबूत करना होगा कि कोई भी आतंकी समर्थक किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके।
रणनीतिक महत्व और सुरक्षा घेरा
जमशेदपुर की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति इसे किसी भी बाहरी खतरे के लिए संवेदनशील बनाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मानगो, आजादनगर और अन्य घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है।शहर के प्रवेश द्वारों और होटलों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है।टाटा स्टील और अन्य कंपनियों के सुरक्षा अधिकारियों के साथ प्रशासन निरंतर संपर्क में है।
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है किकिसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 100/112 पर दें।सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों को साझा न करें।



