Bihar: दिगंबर जैन धर्मशाला में बैंगलोर के 4 पर्यटकों के शव मिलने से सनसनी,पुलिस जांच में जुटी

नालंदा : अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर से एक बेहद दुखद और रहस्यमयी खबर सामने आई है। यहाँ के प्रसिद्ध दिगंबर जैन धर्मशाला के एक कमरे से चार पर्यटकों के शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुए हैं। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जो कर्नाटक के बैंगलोर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस सामूहिक मौत की खबर के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
नेपाल की यात्रा कर राजगीर पहुंचे थे पर्यटक
धर्मशाला के मैनेजर से मिली जानकारी के अनुसार, यह समूह 31 जनवरी को राजगीर आया था। पर्यटक बैंगलोर से पहले नेपाल घूमने गए थे। नेपाल की यात्रा संपन्न करने के बाद वे राजगीर पहुंचे थे। राजगीर के बाद उन्हें पावापुरी स्थित जल मंदिर के दर्शन करने थे और फिर वापस बैंगलोर लौटना था।शुरुआती दो दिन ठहरने के बाद, उन्होंने आगे रुकने के लिए अतिरिक्त पैसे भी जमा किए थे।
कमरे से आने वाली दुर्गंध से खुला राज
मैनेजर ने बताया कि कल शाम से ही कमरे के पास से हल्की बदबू आ रही थी, लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। आज सुबह जब बदबू असहनीय हो गई, तो शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई।”जब पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का दृश्य भयावह था। एक व्यक्ति फंदे से लटका हुआ था, जबकि अन्य तीन के शव जमीन पर बिखरे पड़े थे।”
फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच
सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। मामले की गंभीरता और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए राज्य फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
आत्महत्या या साजिश?
पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है। शवों की स्थिति को देखकर यह सामूहिक आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
पर्यटन नगरी में सुरक्षा पर सवाल
राजगीर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले पर्यटन स्थल पर इस तरह की घटना ने स्थानीय प्रशासन और पर्यटकों के बीच चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मृतकों के मोबाइल फोन और आईडी कार्ड्स के जरिए उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।



