Rajasthan: शादी के 3 महीने बाद पत्नी ने ही प्रेमी से करवाई पति की हत्या, मफलर से घोंटा गला

श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। महज 90 दिन पहले दुल्हन बनकर घर आई युवती ने अपने पुराने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शिक्षक पति और एमए की पढ़ाई का विवाद

मृतक आशीष कुमार (27) रावला का निवासी था और हाल ही में एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक नियुक्त हुआ था। उसकी शादी 30 अक्टूबर 2025 को सादुलशहर निवासी अंजली उर्फ अर्जु (23) से हुई थी।अंजली का पिछले 6-7 वर्षों से संजय उर्फ संजू (25) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने श्रीगंगानगर के एक ही कॉलेज से पढ़ाई की थी।अंजली इस शादी से खुश नहीं थी। वह श्रीगंगानगर में रहकर एमए करना चाहती थी ताकि प्रेमी के पास रह सके, लेकिन पति आशीष ने उसे बाहर भेजने से मना कर दिया था।

मायके में बनी मौत की ‘ब्लूप्रिंट’

हत्या से करीब 16 दिन पहले जब अंजली मायके गई, तब उसने प्रेमी संजय के साथ मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इस साजिश में संजय ने अपने दो साथियों रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ को भी शामिल किया।

30 जनवरी की रात: वॉक के बहाने ले गई मौत के पास

एसपी अमृता दुहन के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए 30 जनवरी की रात चुनी गई।अंजली ने खाना खाने के बाद घूमने के बहाने आशीष को घर से बाहर निकाला और प्रेमी को उसकी लोकेशन भेज दी। आरोपी घर से 200 मीटर दूर झाड़ियों में छिपे थे। जैसे ही अंजली आशीष को लेकर वहां पहुंची, आरोपियों ने आशीष के सिर पर डंडों से हमला कर दिया।सिर पर गंभीर वार के बाद भी जब आशीष की सांसें चल रही थीं, तो आरोपियों ने मफलर से गला घोंटकर उसकी जान ले ली।

लूट का नाटक और पुलिस का पर्दाफाश

हत्या के बाद वारदात को लूट का रूप देने के लिए अंजली ने अपने सोने के झुमके और आशीष का मोबाइल आरोपियों को थमा दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो अंजली बेहोश होने का नाटक कर रही थी। हालांकि, पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ और जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो सारा सच सामने आ गया।

चारों आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर पूछताछ जारी

अनूपगढ़ सीओ प्रशांत कौशिक ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी अंजली, प्रेमी संजय और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी युवकों को 5 दिन और अंजली को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और लूटे गए गहने बरामद करने की प्रक्रिया में जुटी है।

Exit mobile version