
सागर :मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब शाहगढ़ कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के मुख्य गेट के ठीक बाहर एक महिला स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात पुलिस थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर, भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
नाइट शिफ्ट शुरू करने से पहले मारी गई गोली
मृतका की पहचान 25 वर्षीय दीपशिखा चढ़ार के रूप में हुई है, जो शाहगढ़ CHC में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थीं।घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। दीपशिखा अपनी नाइट शिफ्ट जॉइन करने के लिए अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन ड्यूटी शुरू होने से पहले ही यह खौफनाक वारदात हो गई।
3 राउंड फायरिंग, मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दीपशिखा अस्पताल के मुख्य गेट पर खड़ी थीं, तभी एक अनजान युवक उनसे टकराया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और तीन राउंड फायरिंग की।एक गोली दीपशिखा की पीठ में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को शक: आरोपी नर्स का परिचित
घटना की सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की निगरानी की।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश या जान-पहचान की आशंका जताई जा रही है।जानकारी मिली है कि आरोपी जबलपुर के कटंगी पाटन क्षेत्र का निवासी हो सकता है, जो फिलहाल शाहगढ़ में अपने एक दोस्त के साथ रह रहा था। दीपशिखा भी पिछले दो वर्षों से उसी इलाके में रह रही थीं, जिससे दोनों के एक-दूसरे को जानने की संभावना जताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, इलाके में नाकेबंदी
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।चश्मदीदों से पूछताछ जारी है और फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में आक्रोश और भय का माहौल
अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में इस वारदात के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। स्वास्थ्यकर्मियों में भी घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।



