Bihar: जहानाबाद में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल

जहानाबाद (शकूराबाद): बिहार के जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाबगंज बाजार में बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जबरदस्त हंगामा और पथराव हुआ। हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने पहुँची प्रशासनिक टीम और पुलिस पर स्थानीय लोगों के एक गुट ने अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
हाइकोर्ट के निर्देश पर हुई थी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, गुलाबगंज बाजार में लंबे समय से सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन को पटना हाईकोर्ट से निर्देश प्राप्त हुआ था। इसी क्रम में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम भारी मशीनों के साथ मौके पर पहुँची थी। जैसे ही बुलडोजर ने अवैध निर्माण गिराना शुरू किया, वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए।
अचानक हुई पत्थरबाजी से मची भगदड़
कार्रवाई के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ को उकसाया, जिसके बाद अचानक टीम पर रोडबाजी और पत्थरबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन पत्थरबाजी में दो जवान चोटिल हो गए।
वीडियोग्राफी के जरिए होगी दंगाइयों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल को गुलाबगंज भेजा गया है। जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर कैंप कर रहे हैं। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी?
मौके पर मौजूद जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया यह कार्रवाई माननीय हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की जा रही थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात और असामाजिक तत्वों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पथराव किया। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
फिलहाल गुलाबगंज बाजार और आसपास के क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



