Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रांची में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी देंगे ‘विकसित भारत 2047’ का विजन, युवाओं से करेंगे सीधा संवाद

रांची: झारखंड की राजधानी रांची आज एक गौरवपूर्ण पल की साक्षी बन रही है। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर गुरुवार शाम रांची पहुँच रहे हैं। राज्य के इतिहास में यह पहला अवसर है जब कोई सेवारत नौसेना प्रमुख रांची के प्रवास पर हैं। उनके इस दौरे को युवाओं को राष्ट्र निर्माण और रक्षा सेवाओं के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

भव्य स्वागत और प्रवास का कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी गुरुवार शाम करीब 4:30 से 5:30 बजे के बीच रांची एयरपोर्ट पहुँचें। एयरपोर्ट पर झारखंड की समृद्ध परंपरा के अनुसार सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया । रात्रि विश्राम लोकभवन में करेंगे।

‘विकसित भारत 2047’: विद्यार्थियों के साथ संवाद

दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा शुक्रवार, 23 जनवरी को होगा। सुबह 10:00 बजे सीसीएल सभागार में एक विशेष संवाद कार्यक्रम ‘विकसित भारत 2047’ का आयोजन किया गया है जिसमे बतौर मुख्य वक्ता नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे। रांची के विभिन्न महाविद्यालयों, विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के हजारों विद्यार्थी शामिल होंगे। इस संवाद का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना और उन्हें भारतीय नौसेना में करियर व देश सेवा के अवसरों के प्रति जागरूक करना है।

सांसद कला महोत्सव का भी करेंगे अवलोकन

विद्यार्थियों से संवाद के बाद, नौसेना प्रमुख दोपहर करीब 1:00 बजे रांची क्लब जाएँगे। यहाँ वे ‘सांसद कला महोत्सव’ के तहत आयोजित भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इस प्रदर्शनी में स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों के माध्यम से विकसित भारत और झारखंड की संस्कृति को दर्शाया गया है।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इस दौरे को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि नौसेना प्रमुख का रांची आना झारखंड के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। इससे राज्य के युवाओं में जल सेना के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें सीधे देश के सैन्य नेतृत्व से सीखने का मौका मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button