
Loyalty Check: इन दिनों सोशल मीडिया पर नया ट्रेंड छाया हुआ है, जिसमें लोग पार्टनर संग हाथों पर गर्मागर्म चाय गिराकर रिलेशनशिप का लॉयल्टी टेस्ट कर रहे हैं।
Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में आए दिन कोई न कोई नया ट्रेंड आ जाता है, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर आग की तरह फैल जाता है। इसी क्रम में इन दिनों हाथों पर गर्मागर्म चाय गिराकर अनोखा ‘लॉयल्टी टेस्ट’ किया जा रहा है। इससे जुड़े वीडियो देखकर लोग हैरान रह गए हैं।
इस नए और अजीबोगरीब ट्रेंड के जरिये लोग अपने पार्टनर की वफादारी यानी लॉयल्टी चेक कर रहे हैं। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का और लड़की कसकर एक दूजे का हाथ पकड़े हुए हैं। इसी दौरान लड़का अपने और साथी के हाथ पर गर्म-गर्म चाय गिराता है।
क्या है लॉयल्टी चेक ट्रेंड?
ट्रेंड के मुताबिक, अगर इस समय दोनों में से कोई भी अपना हाथ हटा लेता है तो वो पार्टनर के लिए लॉयल नहीं है। वहीं अगर इसे पूरा कर लिया गया तो इसे रिलेशनशिप की वफादारी माना जा रहा है। लोग इस अजीबोगरीब ट्रेंड के जरिये पार्टनर के अलावा दोस्ती का भी लॉयल्टी चेक कर रहे हैं। ये सुनने में जितना अजीब है, उतना ही इसके तमाम वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहे हैं।

अजीबोगरीब ट्रेंड खूब हो रहा फॉलो
एक लॉयल्टी चेक का वीडियो @SantaniSubhajiT नामक एक्स हैंडल से शेयर किया गया है। इसे खबर लिखे जाने तक 121.6K बार देखा जा चुका है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘अब एक नया ट्रेंड चल रहा है। गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के बीच लॉयल्टी चेक करने के लिए।’ वीडियो पर कुछ लोग मजे ले रहे हैं, जबकि कुछ हाथ पर चाय गिराने को नुकसानदायक बता रहे हैं। कुछ लोग इस ट्रेंड में वफादारी जांचने के लिए शामिल हो रहे हैं, तो वहीं कुछ प्रेशर में आकर भी इसे फॉलो कर रहे हैं। लेकिन आप ऐसा करने से बचें।
लोग बोले- चोचले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे
कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा, ‘बिल्कुल नहीं, ये दिखावा है जहां प्रेम है वहां लॉयल्टी नहीं चेक की जाती है।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘ये सब बेवकूफी है। धोखा देना वाले कभी भी धोखा दे सकते हैं।’ एक और ने लिखा, ‘ये कैसा तरीका है, ऐसा भी कोई करता है क्या? अगर विश्वास ही नहीं है तो ऐसा ड्रामा करने का कोई फायदा नहीं है। लोगों के चोचले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं।’



