Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: अपराध और जंगलराज के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, हजारों कार्यकर्ताओं ने किया एसएसपी कार्यालय का घेराव

जमशेदपुर: लौहनगरी में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं, सरेआम अपहरण और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर में बढ़ते भय के माहौल को लेकर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष आक्रोश जताया।

साकची से एसएसपी कार्यालय तक ‘पैदल मार्च’

भाजपा की पूर्व घोषित रणनीति के तहत सुबह 11 बजे साकची स्थित जिला कार्यालय से विशाल पैदल मार्च निकाला गया। हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां और झंडे लिए कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को देखते हुए एसएसपी कार्यालय के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

“90 के दशक के जंगलराज की याद आ रही” – संजीव सिन्हा

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने हेमंत सरकार और जिला पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा जमशेदपुर में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। सरेआम लूट, हत्या और अपहरण जैसी घटनाएं अब आम हो गई हैं। वर्तमान हालात हमें 90 के दशक के उस काले ‘जंगलराज’ की याद दिला रहे हैं, जिससे जनता दहशत में है।

अपराधियों को संरक्षण दे रही है राज्य सरकार : भाजपा

भाजपा ने प्रदर्शन के दौरान शहर के व्यापारी वर्ग, महिलाएं और आम नागरिक अब घर से निकलने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था संभालने के बजाय अपराधियों को संरक्षण दे रही है। पार्टी ने मांग की कि पुलिस केवल कागजी कार्रवाई न करे, बल्कि जमीन पर अपराधियों के खिलाफ ठोस एक्शन लेकर शहर में शांति बहाल करे।

प्रशासन को दी चेतावनी

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आपराधिक वारदातों पर अंकुश नहीं लगाया गया और हालिया घटनाओं के दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पार्टी पूरे जिले में उग्र आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन के अंत में एक प्रतिनिधिमंडल ने मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button