
खेल डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में मंगलवार को एक दिलचस्प मुकाबला होने जा रहा है। अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर चेन्नई सुपर किंग्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। जहाँ सीएसके अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी, वहीं केकेआर इस सीजन की अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेगी।
संजू सैमसन का धमाका और सीएसके की ताकत
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में चेन्नई ने शानदार वापसी की है।सीएसके की जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने मात्र 56 गेंदों पर नाबाद 115 रन की तूफानी पारी खेलकर फॉर्म में वापसी का संकेत दिया है। डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी से टीम का संतुलन बेहतर हुआ है। पदार्पण मैच में गुरजपनीत सिंह की उछाल और जेमी ओवरटन के चार विकेटों ने चेन्नई के आक्रमण को घातक बना दिया है। स्पिन विभाग में अकील हुसैन पावरप्ले में विपक्षी टीम के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं।
केकेआर के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति
कप्तान अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली केकेआर अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है। लखनऊ के खिलाफ टीम जीत के करीब थी, लेकिन मुकुल चौधरी की पारी ने उनसे मैच छीन लिया।
इन खिलाड़ियों पर नजर
केकेआर को उम्मीद होगी कि कैमरन ग्रीन अपनी भारी-भरकम कीमत के अनुरूप प्रदर्शन करें। वहीं, मध्य क्रम में रिंकू सिंह का बल्ला खामोश है, जिनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। युवा अंगकृष रघुवंशी और रोवमैन पॉवेल ने अच्छी झलक दिखाई है।
धोनी की वापसी और गायकवाड़ की फॉर्म
सीएसके के लिए दो बड़े सवाल हैं:
एमएस धोनी: पिंडली की चोट के कारण बाहर चल रहे ‘थाला’ की वापसी पर सस्पेंस बना हुआ है। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने संकेत दिया है कि वे जल्द मैदान पर लौट सकते हैं।
गायकवाड़ की फॉर्म: खुद कप्तान गायकवाड़ का बल्ला अब तक शांत रहा है। वे केकेआर के खिलाफ बड़ी पारी खेलकर अपनी खोई हुई लय हासिल करना चाहेंगे।
पिच और टॉस का महत्व
चेपॉक की पिच पारंपरिक रूप से स्पिनरों की मददगार रही है। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले इस मैच में ओस एक बड़ी भूमिका निभा सकती है, जिसे देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी।
टीमें (संभावित):
CSK: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, गुरजपनीत सिंह।
KKR: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, सुनील नारायण, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, वरुण चक्रवर्ती।



