Uttar Pradesh: वाराणसी में ठंड ने बढ़ाई दस्तक, पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में और गिरावट, घना कोहरा छाए रहने की संभावना

वाराणसी। काशी में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है। शहर के मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी तथा सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा।

रात का तापमान 10 डिग्री तक पहुंचा, दिन का तापमान स्थिर

पिछले 24 घंटों में शहर का न्यूनतम तापमान करीब 1.5 डिग्री घटकर 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.4 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर रहा। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा और दृश्यता घटकर 700 मीटर तक रह गई।

पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी

मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार उत्तर भारत से होकर गुजर रहा पश्चिमी विक्षोभ बनारस के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से रात का तापमान और नीचे आने की संभावना है।उन्होंने बताया कि शुक्रवार से ठंड में और वृद्धि देखी जाएगी और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही सुबह के समय कोहरा और घना हो सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी।

अगले कुछ दिनों तक रहेगा ठंड का असर

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48–72 घंटों तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी।सुबह और देर रात शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।कोहरे की वजह से सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।आम जनता को सुबह और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य पर भी असर

तापमान में तेजी से आ रही गिरावट का प्रभाव बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक पड़ सकता है। डॉक्टरों का सुझाव है कि सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग करें और ठंड से बचाव पर विशेष ध्यान दें।

Exit mobile version