झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। अगले 24 घंटे बाद राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में शीतलहर चलने और सुबह के समय घना कुहासा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 10 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में कनकनी बनी रहेगी, जिससे लोगों को ठंड का तीखा अहसास होगा।
5 और 6 दिसंबर को शीतलहर का प्रभाव रहेगा तेज
मौसम विभाग ने बताया कि पांच और छह दिसंबर को राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, सात दिसंबर से आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन इसके बाद तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
उत्तरी झारखंड और पलामू संभाग पर सबसे ज्यादा असर
- पलामू संभाग सहित उत्तर झारखंड के जिलों में बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा।
- हालांकि, दो–तीन दिनों बाद बादल हटने के साथ ही उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान में तेजी से गिरावट लाएंगी।
सुबह गहरा कुहासा, दृश्यता में कमी
पांच और छह दिसंबर को रांची, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, हजारीबाग समेत कई जिलों में सुबह के दौरान घना कुहासा बढ़ने की संभावना है।इससे दृश्यता में कमी आएगी और सड़क यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तापमान में अगले चार दिनों में 4 डिग्री की गिरावट
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि सात से नौ दिसंबर तक मौसम स्थिर रहेगा और तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा।इसके बाद ठंडी हवाओं के सक्रिय होते ही तापमान फिर तेजी से नीचे आ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण हो रहा है।
इसी सिस्टम के प्रभाव से राज्य में बादल छाएंगे और ठंड बढ़ने लगेगी।
मौसम विभाग की चेतावनी
- सुबह और रात में ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें
- घने कुहासे के दौरान वाहन चलाते समय हेडलाइट और फॉग लाइट का उपयोग करें
- बुजुर्गों और बच्चों को खास सावधानी बरतने की सलाह
