Bihar INFACTNews

Bihar: बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के जींस-टीशर्ट पहनने पर रोक, फॉर्मल ड्रेस अनिवार्य

पटना: बिहार के सभी सरकारी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के जींस-टीशर्ट पहनकर आने पर रोक लगा दी गई है। अब उन्हें स्कूल में औपचारिक परिधान यानी फॉर्मल कपड़े पहनकर आना होगा। शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को निर्देश जारी किया है।शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने पदभार संभालने के पहले ही दिन शिक्षकों और कर्मचारियों के पहनावे को लेकर यह निर्देश जारी किया। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कोई भी शिक्षक या शिक्षकेतर कर्मी जींस और टी-शर्ट जैसे अनौपचारिक कपड़े पहनकर स्कूल नहीं आएगा।

सरकारी स्कूलों में एआई के इस्तेमाल को मिलेगा बढ़ावा

शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने का भी निर्देश दिया है। अपर मुख्य सचिव सीके अनिल के निर्देश पर शुक्रवार को सभी डीईओ को पत्र भेजा गया।इसमें स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया है। विभाग का मानना है कि शिक्षा के क्षेत्र में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इससे समय की बचत के साथ कामकाज को आसान बनाने और कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी इस दिशा में विभाग को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर काम करने का निर्देश दिया था।

शिक्षा विभाग के 10 हजार कर्मचारियों के तबादले की तैयारी

शिक्षा विभाग जिला और क्षेत्रीय कार्यालयों में लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों के तबादले की तैयारी भी कर रहा है। प्रस्ताव के अनुसार, ऐसे कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाएगा, जो पिछले 10 वर्षों से एक ही जगह पर कार्यरत हैं।इसके लिए राज्यस्तरीय कैडर बनाने और मौजूदा नियमावली में बदलाव करने पर विचार किया जा रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने पर विभाग के करीब 10 हजार कर्मचारियों के तबादले हो सकते हैं।

सीके अनिल ने संभाला शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव का पदभार

बिहार सरकार ने वरीय आईएएस अधिकारी सीके अनिल को शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले वह बिहार राज्य योजना पर्षद में सलाहकार के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को उनका तबादला किया गया और शुक्रवार को उन्होंने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव का पदभार संभाला।सीके अनिल 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह इससे पहले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पदभार ग्रहण करने के पहले दिन ही उन्होंने शिक्षा विभाग से जुड़े कई निर्देश जारी किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button